टोंक के मालपुरा में बुधवार को महिला सहित एक मासूम की तालाब में डूबने से मौत हो गई। महिला मासूम को बचाने तालाब में कूदी थी। इसी दौरान वह अपना संतुलन पानी में नहीं बना सकी और डूब गई।
जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह छह साल का अजय अपनी मौसी आशा के साथ पचेवर गांव के तालाब पर मवेशियों को लेकर गया था। इसी दौरान यहां अजय का पैर फिसल गया और वह तालाब में डूबने लगा। उसके चिल्लाने की आवाज सुनकर आशा ने उसे बचाने के लिए तालाब में छलांग लगा दी। तालाब में अजय को बाहर निकालने का प्रयास करने के दौरान आशा भी गहरे पानी की ओर चली गई। इससे दोनों की डूबने से मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और ग्रामीणों ने दोनों के शव को बाहर निकाला। पुलिस ने दोनों के शव मालपुरा अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिए।