जोधपुर के सूरसागर चौपड़ इलाके में बुधवार दोपहर एक प्रेमी जोड़े का शव मिलने से सनसनी फैल गई। दोनों शव यहां एक पत्थर की खान में मिले। यहां इस खान में बरसाती पानी भरा हुआ था जिसमें से दोनों के शव बाहर निकाले गए।
झंवर थाना पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान सेवकी निवासी गजेन्द्र मेघवाल और ऊटों की घाटी निवासी गुड्डी नायक के रूप में हुई है। दोनों एक—दूसरे से प्यार करते थे, लेकिन उनके घरवालों के राजी नहीं होने से दोनों ने घर से भागकर ऐसा किया। पुलिस ने दोनों के शव मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराने के लिए मथुरादास माथुर अस्पताल में भिजवाए हैं। जानकारी के अनुसार दोनों शवों के हाथ एक चुन्नी से बंधे हुए हैं। इससे संभावना जताई जा रही है कि दोनों ने अपने हाथ एक—दूसरे के हाथ से बांधकर आत्महत्या की हो।
मामले की जांच में पता चला है कि पिछले दिनों गुड्डी झंवर थाना क्षेत्र में आने वाले कराणी गांव में अपनी बहन के पास गई थी। जहां से 24 अप्रेल की रात वह अचानक कहीं चली गई। तब कुछ देर बाद ही उसने पिता को फोन किया था। उसने कहा था कि वह जा रही है और इस बार वापस नहीं आएगी। उसे ढूंढने की कोशिश भी मत करना। इस पर पिता ने 25 मार्च को झंवर थाने में गजेन्द्र के खिलाफ उसकी बेटी का भगा ले जाने का मामला दर्ज कराया था।