पुलिस की गिरफ्त में अपहरणकर्ता जमील और सुभान
- फोटो : amar ujala
राजधानी जयपुर में लूट, अपहरण, हत्या और दुष्कर्म की वारदातों ने आमजन को हिलाकर रख दिया है। मानसरोवर इलाके में भी दो व्यक्तियों ने एक महिला को सरेराह अपहरण कर एक मकान में बंधक बनाकर दुष्कर्म किया। फिर उसे छोड़ने की एवज में उसके पति को फोन कर पांच लाख रुपए की फिरौती मांगने की सनसनीखेज वारदात का खुलासा हुआ है। मामले में दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर बंधक पीड़िता महिला को मुक्त करवाया।
डीसीपी साउथ योगेश दाधीच ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी सुभान और जलील मूल रुप से कोडरमा, झारखंड के रहने वाले है। इनमें सुभान मानसरोवर के सेक्टर 50 में अपने चाचा के यहां किराए से रहता है, जबकि जलील सेक्टर 42 में किराए से रहता है। वहीं, मूल रुप से पश्चिम बंगाल कूच बिहार की रहने वाली 25 वर्षीया पीड़िता भी सेक्टर 50 में आरोपी सुभान के घर के पास पति के साथ किराए से रहती है जो कि मजदूरी करती है।
मंगलवार रात को पीड़िता बाजार से घर लौट रही थी। तभी दोनों आरोपी उसे झांसा देकर अपने साथ किराए के कमरे पर ले गए जहां उसे बंधक बनाकर दुष्कर्म किया। इसके बाद मंगलवार रात करीब 9 बजे बाद आरोपियों ने पीड़िता के पति को फोन कर उसकी पत्नी का अपहरण करने की जानकारी दी। उसे छोड़ने की एवज में पांच लाख रुपए की फिरौती मांगी। तब पति ने मानसरोवर थाने में मुकदमा दर्ज करवाया।
इसके बाद एसीपी मानसरोवर देशराज यादव, कार्यवाहक थानाप्रभारी सब इंस्पेक्टर रतनलाल के नेतृत्व में कई पुलिस टीमों का गठन हुआ और मोबाइल नंबर ट्रेस किए लेकिन धमकियों के बाद रातभर आरोपियों ने मोबाइल नंबर बंद रखा।
बुधवार को फिर से मोबाइल आॅन हुआ तब उनकी लोकेशन सेक्टर 50 मानसरोवर की आने लगी। तब घेराबंदी कर सादावर्दी में मौजूद पुलिसकर्मियों ने पीड़िता के पति से आरोपियों की बातचीत करवाई और अपहरणकर्ताओं तक पहुंचकर उन्हें धरदबोचा। महिला को सकुशल मुक्त करवा लिया। उनसे पूछताछ की जा रही है।