उदयपुर जिले में बड़ी संख्या में निवास करने वाले आदिवासी बुधवार को अचानक ही जिले के मामेर मुख्यालय पर बड़ी संख्या में पहुंच गए। करीब सात घंटे तक इन आदिवासी लोगों ने हाथों में तीर कमान, भाला व कुल्हाड़ी सहित विभिन्न परंपरागत हथियारों के साथ प्रदर्शन किया।
हाथों में परंपरागत हथियार लिए हजारों की संख्या में आदिवासी समुदाय के लोग बीस किलोमीटर की रैली निकालकर विभिन्न समस्याओं के सबंध में मामोर मुख्यालय पहुंचे। इनकी मांग थी कि अभी भी आदिवासियों के करीब छह गांव ऐसे है जहां आजादी के बाद अब तक कोई सुविधा नहीं मिल सकी है। पानी, बिजली व स्वास्थ्य जैसे मूलभूत सुविधाओं से महरुम इन आदिवासियों को गांव से पंचायत मुख्यालय तक रैली निकालनी पड़ी।
वहीं इससे पूर्व केवल ढोल की थाप पर हजारों की संख्या में आदिवासी जमा हो गए और काफी देर बेडाधर पंचायत मुख्यालय पर सरकारी अधिकारियों का इंतजार किया। लेकिन जब यहां बात नहीं बनी तो वह रैली निकालकर मामोर मुख्यालय पर पहुंचे और अधिकारियों को समस्या से अवगत कराया।
उनका कहना था कि पूर्व में भी ज्ञापन दिए गए है लेकिन हल नहीं निकला। सरकारी अधिकारी सुनवाई नहीं करते और स्थानीय लोग परेशान होते रहते हैं।