बरसात के शुरू होते ही टमाटर 'लाल' हो गया है। आम आदमी जब दुकान व ठेलों पर जब टमाटर के भाव पूछ रहे हैं, तो उन्हें झटका लग रहा है। वे सोचने पर मजबूर हैं कि खरीदे जाएं या नहीं या फिर कितने ग्राम खरीदने से रसोई का काम चल जाएगा।
राजस्थान में टमाटर के 80 से 90 रुपए प्रति किलो की दर से बिक रहा है। यही नहीं, जयपुर के जो पॉश एरिए हैं, वहां सब्जी वाले 100 रुपए तक की दर से मांग कर रहे हैं। महिलाएं सब्जी वालों से भाव पूछकर चौंक रही हैं और भाव बढ़ने का कारण पूछ रहीं है, तो सब्जी वाले कह रहे हैं कि मंडी से ही महंगे आ रहे हैं, तो हम क्या कर सकते हैं।
जयपुर के किसान संतोष मीणा ने बताया कि बरसात में खेतों में जब पानी भर जाता है, तो टमाटर की पौध गल जाती है। ऐसे में उसे उखाड़कर फेंकने के अलावा कोई चारा नहीं बचता। पौध में लगे टमाटर भी पानी लगने से खराब हो जाते हैं।