विश्व तम्बाकू निषेध दिवस पर महिने का अंतिम दिन होने के बावजूद अजमेर शहर में तम्बाकू उत्पादों की बिक्री धड़ल्ले से की गई। चिकित्सा विभाग ने भी नियमों को तोड़ रहे दुकान वालों के खिलाफ कोई कार्रवाई करने की जहमत तक नहीं उठाई।
दरअसल, विश्व तम्बाकू निषेध दिवस और महिने का अंतिम दिन बुधवार को था। चिकित्सा विभाग ने रैली निकालकर तम्बाकू मुक्ति का संदेश तो दिया, लेकिन शहर में खुले आम बेचे जा रहे तम्बाकू उत्पादों पर कोई ध्यान नहीं दिया। शहर के कई इलाकों का जायजा लिया तो पाया गया कि पान, तम्बाकू, गुटखे की बिक्री धड़ल्ले से की जा रही है। वहीं कुछ इलाकों में चोरी—छिपे भी तम्बाकू उत्पाद बेचा जा रहा था। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डाॅ.के.के.सोनी से जब उनका पक्ष जाना तो उन्होंने इसमें व्यापारियों की सहभागिता की बात कहते हुए पल्ला झाड़ लिया। इससे अंदेशा होता है कि चिकित्सा विभाग की अनदेखी के चलते ही तम्बाकू उत्पाद बेचे जा रहे हैं।