बिना सुरक्षा मानकों के बेचे जा रहे फूड प्रोडक्ट जानलेवा साबित हो रहे हैं। राजस्थान के बाड़मेर जिले के एक गांव में ऐसे ही एक फूड प्रोडक्ट के कारण तीन बच्चों की मौत हो गई, जिसमे दो सगे भाई-बहन भी थे।
जानकारी के अनुसार बाड़मेर के देशांतरी गांव के एक ही परिवार के आठ बच्चों ने एक रुपए में बिकने वाला ज्यूस का पाउच खरीदकर पीया था। घटना शनिवार की बताई जा रही है। जिसके बाद से ही आठों बच्चों को उल्टी की शिकायत प्रारंभ हो गई।
इसके बाद परिजन बच्चों को लेकर सांचौर के अस्पताल पहुंचे। लेकिन यहां भी चिकित्सकों ने बच्चों को बड़े अस्पताल के लिए डीसा रैफर कर दिया। जहां तीन दिन चले इलाज के बाद मंगलवार को तीन बच्चों ने दम तोड़ दिया। जबकि पांच बच्चों की हालत नाजुक बनी हुई।