राजस्थान स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय की ओर से निकाली गई भर्ती में बेरोजगारों से आवेदन शुल्क के नाम पर पांच हजार रुपए तक की वसूली की जा रही है। यहां तक की एलडीसी और डिप्टी लाइब्रेरियन जैसे पदों के लिए भी आवेदन शुल्क तीन हजार रुपए तक रखा गया है।
भारी भरकम शुल्क देखकर कई बेरोजगारों ने भर्ती में शामिल होने से ही किनारा कर लिया है। आरयूएचएस की ओर से तय की गई फीस को देखकर लगता है कि विवि आवेदन शुल्क के नाम पर अपनी जेब भरने में लगा है। यदि एलडीसी भर्ती की ही बात की जाए तो आरयूएचएस का आवेदन शुल्क करीब आठ से दस गुणा अधिक है। आरपीएससी की ओर से अब तक निकाली गई एलडीसी पदों पर भर्ती को लेकर तीन सौ रुपए से लेकर पांच सौ रुपए तक का आवेदन शुल्क ही वसूल किया जाता रहा है।
जबकि इसी पद पर आरयूएचएस सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों से तीन हजार रुपए और आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों से पन्द्रह सौ रुपए वसूल किए जा रहे हैं वहीं लैब अटैडेंट पद के लिए पांच सौ रुपए आवेदन शुल्क तक किया गया है।