पर्यावरण बचाने का संदेश देने के लिए संदीप रेडी बेनोर हैदराबाद से साइकिल पर भारत भ्रमण के लिये निकले हैं। संदीप 6802 किलोमीटर की यात्रा कर शनिवार को अजमेर पहुंचे। उनका यहां स्वागत किया गया।
संदीप बेनोर ने बताया कि 26 मार्च को उन्होंने यह सफर शुरू किया था। अब तक तेलंगाना, आन्ध्रप्रदेश, महाराष्ट्र, गुजरात व राजस्थान के कई शहरों की दूरी तय करते हुए वे शनिवार को अजमेर पहुंचे। उन्होंने पिछले 62 दिनों में पृथ्वी को बचाने के लिये पर्यावरण सम्बन्धित जानकारियां जुटाई है। इस पर उन्होने चिन्ता व्यक्त करते हुए कहा कि लोग वृक्षारोपण तो कर देते हैं परंतु उसकी देखरेख नहीं करते। ऐसे में उचित पानी और खाद की कमी की वजह से वह पौधा वृक्ष का रूप नहीं ले पाता।
संदीप ने कहा कि हमें पौधे को वृक्ष बनाने के लिये अपने जन्मदिन के दिन वृक्षारोपण कर संकल्प लेना चाहिए कि उसे हम वृक्ष बनाने में पूरा सहयोग करेंगे। साथ ही, यदि हमारे आस-पास कहीं वृक्षारोपण हो रहा है तो भी हमें उस पौधे को उचित पानी और खाद देने मे सहयोग करना चाहिए। उन्होंने अपना अजमेर संस्था के कार्यों की भी सराहना की।