कोटा के सुल्तानपुर कस्बे से पकड़े गए पाकिस्तानी नागरिक को आज कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे 5 दिन के पुलिस रिमांड पर सौंप दिया गया है।
पाकिस्तानी नागरिक अब्दुल हनीफ बगैर वीजा और पासपोर्ट के एक हिस्ट्रीशीटर के यहां मिला था। इंटेलिजेंस टीम ने पूछताछ के बाद अब्दुल हनीफ को सुल्तानपुर पुलिस के सुपुर्द किया था। आज सुल्तानपुर पुलिस ने कोर्ट में अब्दुल हनीफ को पेश किया, जहां से उसे 5 दिन के रिमांड पर सौंपा गया है। पुलिस और इंटेलिजेंस की पूछताछ में अब तक यहीं पता चल पाया है कि अब्दुल हनीफ नेपाल के रास्ते से भारत में दाखिल हुआ। यहां वह दिल्ली और अजमेर सहित कई जगह पर रुका भी था।
पूछताछ में यह भी पता चला है कि पाकिस्तानी नागरिक अब्दुल हनीफ पहले भी कई बार बगैर वीजा ओर पासपोर्ट के भारत आ चुका है। पहले वो सोने की तस्करी करता था। सूत्रों के मुताबिक अब्दुल हनीफ सोने की तस्करी कर भारत में अपने रैकेट की जडें जमाना चाहता था। फिलहाल पांच दिन के रिमांड की अवधि और भी राज खुलने की संभावना है।