नाग को मार दिए जाने के बाद नागिन द्वारा बदला लेने के सीन फिल्मी पर्दे पर देखे होंगे। ऐसी ही एक असल घटना अजमेर जिले से सामने आई है। यहां रामनगर स्थित नृसिंहपुरा में रहने वाले एक युवक को पिछले तीन साल में 7 बार सांप डस चुका है, लेकिन ये युवक जिन्दा बचा हुआ है।
मंगलवार को भी इस युवक को सांप ने डस लिया। परिजन उसे इलाज के लिए जेएलएन अस्पताल पहुंचाया गया जहां उसका उपचार जारी है। रामनगर नृसिंहपुरा निवासी मुकेश ने बताया कि पिछले तीन साल में उसे सात बार सांप डस चुका है लेकिन हर बार वह समय पर इलाज मिलने पर बचा लिया जाता है।
मुकेश के परिजनों के अनुसार, तीन साल पहले उनके क्षेत्र में एक सांप ने किसी बच्चे को काट लिया था। उसे मुकेश व अन्य व्यक्ति ने मिलकर मारा था। कुछ समय पहले उस व्यक्ति की मौत हो चुकी है जबकि मुकेश को बार-बार सांप काट रहे हैं।
इस घटना के बाद से युवक व उसका पूरा परिवार दहशत में है। उन्होंने तांत्रिक सहित अन्य पंडितों से भी पूछताछ कर उपाय किए लेकिन हर उपाय विफल ही हो रहा है। पीड़ित मुकेश अजमेर में परचूनी की दुकान चलाता है।