पीहर आई महिला की चोटी काटने के मामले में सच सामने आ गया है। खुलासा भी चौकाने वाला रहा।
दरअसल, मामला राजस्थान के धौलपुर जिले में बाड़ी थाना इलाके से जुड़ा हुआ है। यहां दो दिन पहले अपने पीहर आई एक महिला की चोटी गई थी। इसके बाद यहां लोगों की भीड़ जमा हो गई। हर कोई अपने-अपने तरीके से चोटी काटने वाले भूत की कहानियां बयां कर रहा था।
सूचना पर मौके पर बाड़ी थाना पुलिस भी पहुंची। पुलिस के पहुंचते ही लोग वही शिकायते करने लगे कि कोई अदृश्य शक्ति उनके यहां महिलाओं के बाल काट रही है। इससे कस्बे में दहशत का माहौल बना हुआ है। इसके बाद जब भीड़ को हटाकर थाना प्रभारी रमेश तंवर ने महिला से पूछताछ की तो उसने अपने बयान में बताया कि उसने खुद ही पत्थर से रगड़कर अपने बाल काट लिए।
महिला ने बताया कि महिलाओं के बाल कटने की घटनाओं से उसे डर लग रहा था। ऐसे में उसने ही खुद के बाल काट लिए। इसके पीछे उसका तर्क ये भी था कि चोटी काटने के बाद हर कोई उसकी बात सुनेगा और ससुराल में भी कोई उसे तंग नहीं करेगा।
गौरतलब है कि प्रदेश के जोधपुर, बीकानेर और बाड़मेर से शुरू हुई चोटी काटने की अफवाहें अब दिल्ली, उत्तरप्रदेश और हरियाणा तक पहुंच चुकी है। हर कोई इन घटनाओं को लेकर भूतों की कहानी कह रहा है।