राजपूताना के नाम से प्रसिद्ध राजस्थान की राजधानी है जयपुर। जिसका भीतरी क्षेत्र परकोटा के नाम से पहचाना जाता है। यह आज भी अपनी मजबूत सुरक्षा के लिए प्रसिद्ध है। वजह है इसके मजबूत और काफी ऊंचाई वाले 15 गेट।
इनके नाम है भी देवताओं और राजाओं के नाम पर रखे गए। जैसे चांदपोल गेट, सूरजपोल गेट, गंगापोल गेट, सांगानेरी गेट, अजमेरी गेट, जोरावर सिंह गेट इत्यादि। लोहे व लकड़ी से बने ये गेट ऐसे मजबूत हैं जिन्हें रियासतकाल में आक्रमण के वक्त दुश्मनों के लिए भी भेदना नामुमकिन था। इन गेटों की खास बात ये हैं कि इनमें प्रत्येक दरवाजे पर विराजमान किए गए गणपति महाराज।
पूजन समिति के संयोजक महेंद्र चित्तोड़िया ने बताया कि कल गणेश चतुर्थी के दिन जयपुर नगर निगम और गणेश पूजन समिति के तत्वावधान में परकोटे की सुरक्षा में खड़े इन प्रमुख दरवाजों पर गणेश प्रतिमाओं का पूजन किया जाएगा। जिसमें महापौर अशोक लाहोटी और उपमहापौर मनोज भारद्वाज विभिन्न समाजों के प्रतिनिधि व आमजन शामिल होंगे।
ये जनप्रतिनिधि करेंगे पूजन
दरवाजे पर विराजमान गणपति
- फोटो : google
चित्तोड़िया ने बताया कि गणेश पूजन समिति और नगर निगम जयपुर द्वारा चांदपोल गेट, अजमेरी गेट, न्यू गेट, सांगानेरी गेट, घाटगेट, सम्राट गेट (ब्रह्मपुरी रोड), जोरावर सिंह गेट, बासखों की मोरी गेट, गंगापोल गेट, कनक घाटी (आमेर) गेट, चार दरवाजा गेट (सुभाष चौक रोड), चार दरवाजा गेट (रामगंज रोड), चार दरवाजा गेट (मंडी खटीकान), चार दरवाजा (गंगापोल रोड) और सूरजपोल गेट पर स्थित गणेश जी की प्रतिमा की पूजा की जाएगी।
महापौर अशोक लाहोटी और उप महापौर मनोज भारद्वाज सुबह 10 बजे न्यू गेट पर गणेश पूजन करेंगे। वहीं सांगानेरी गेट पर सुबह 11 बजे विधायक मोहन लाल गुप्ता गणेश पूजन करेंगे। सुबह 11 बजे जोरावर सिंह गेट पर विधायक सुरेंद्र पारीक गणेश पूजन करेंगे। वहीं 11.30 बजे भाजपा प्रदेशाध्यक्ष और विधायक अशोक परनामी सूरजपोल गेट पर गणेश पूजा करेंगे।