जगद्गगुरु रामानंदाचार्य राजस्थान संस्कृत विश्वविद्यालय, जयपुर की ओर से आयोजित प्री-शिक्षा शास्त्री (पीएसएसटी) और प्री-शास्त्री-शिक्षा शास्त्री (पीएसएसएसटी) पाठ्यक्रम प्रवेश परीक्षा का परिणाम मंगलवार को संस्कृत शिक्षा मंत्री किरण माहेश्वरी ने घोषित किया।
23 अप्रेल को आयोजित हुई पीएसएसटी परीक्षा में कुल 4 हजार 402 परीक्षार्थी सम्मिलित हुए। इस परीक्षा में जयपुर निवासी रेखा चौधरी अव्वल रहीं। उन्होंने कुल 200 अंकों में से 164 अंक प्राप्त कर सर्वोच्च स्थान प्राप्त किया है। यह अभ्यर्थी ओबीसी वर्ग से हैं। इस परीक्षा में पहले दस स्थान पर 13 लोगों ने जगह बनाई है। इनमें से जयपुर से 5, नागौर से 1, दौसा से 2, सवाईमाधोपुर से 3, चित्तौडगढ़ से 1, चूरू से 1, टोंक से 1, अजमेर से 2, हनुमानगढ़ से 1 अभ्यर्थी हैं।
इसी प्रकार प्री-शास्त्री-शिक्षाशास्त्री परीक्षा 2017 में 54 अभ्यर्थी शामिल हुए, इनमें से 26 महिला अभ्यर्थी एवं 28 पुरुष अभ्यर्थी थे। इस परीक्षा में बाडमेर के रहने वाले लाला राम चौधरी ने कुल 200 अंकों में से 144 अंक प्राप्त कर सर्वोच्च स्थान प्राप्त किया है। यह अभ्यर्थी ओबीसी वर्ग से है। इस श्रेणी में पहले 10 उच्च स्थान कुल 13 अभ्यर्थियों ने प्राप्त किए हैं। इनमें से जयपुर से 2, भीलवाडा से 3, टोंक से 1, बूंदी से 1, श्रीगंगानगर से 2, अजमेर से 1, चूरू से 1, बीकानेर से 1, बाड़मेर से 1 अभ्यर्थी है। विश्वविद्यालय द्वारा इन पाठ्यक्रमों में प्रवेश देने के लिए अतिशीघ्र काउंसलिंग प्रक्रिया जारी की जाएगी। मंत्री किरण माहेश्वरी ने सभी चयनित अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना भी की।