पाकिस्तान की ओर से हुई गोलीबारी में जोधुपर जिले के ओसियां कस्बे के खुड़ियाला गांव का बेटा देश की सीमाओं की रक्षा करते हुए शहीद हो गया। जम्मू-कश्मीर के तंगधार सेक्टर में हुई गोलीबारी में सेना के जवान गणपत कड़वासरा को गोली लग गई।
सेना से मिली जानकारी के अनुसार शहीद गणपतराम की पार्थिव देह कल सुबह उनके पैतृक गांव खुड़ियाला पहुंचेगी। यहां राजकीय और सैनिक सम्मान के साथ शहीद का अंतिम संस्कार किया जाएगा। वहीं, गणपतराम के शहीद होने की खबर सुनते ही पैतृक गांव में शोक की लहर छा गई। हालांकि, यहां पूरे गांव में हर किसी को शहीद पर गर्व महसूस हो रहा है। गणपतराम ने 3 साल पहले ही सेना को ज्वॉइन किया था। बताया जा रहा है कि 8 जून 2014 को वे सेना में जवान के रूप में भर्ती हुए।