किसानों के आंदोलन को समर्थन देते हुए आज यहां कस्बों के बाजार बंद रहे। वहीं, धरने पर बैठे किसानों ने भी अब उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।
मामला राजस्थान के जैसलमेर जिले से जुड़ा है। यहां इंदिरा गांधी नहर परियोजना में पानी की मांग को लेकर किसानों पिछले 12 दिन से महापड़ाव डाले बैठे हैं, लेकिन उनकी कोई सुनवाई नहीं हो रही। ऐसे में आज किसानों के समर्थन में व्यापारी भी आ गए। इसके चलते आज रामगढ़, मोहनगढ़, नाचना सहित नहरी क्षेत्र के समस्त कस्बों के बाजार बंद रहे। वहीं, किसानों ने चेतावनी दी है कि अपने हक का पानी नहीं मिलने तक आंदोलन निरंतर रूप से जारी रहेगा।
गौरतलब है कि लम्बे समय से अपने हक के पानी के लिए संघर्षरत किसानों के महापडाव पर अभी तक कोई सुध लेने नहीं पहुंचा है। आक्रोषित किसानों का आरोप है कि लगातार बारह दिन बीत जाने के बावजूद सरकार हमारी मांगों को सुनने के लिए तैयार नहीं है।