भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की टीम ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए जोधपुर के चौपासनी हाउसिंग बोर्ड थाने में तैनात हैड कांस्टेबल को 10 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
आरोपी ने यह रिश्वत राशि धोखाधड़ी के मामले में परिवादी के पक्ष में कार्रवाई करने के एवज में ली थी। फिलहाल एसीबी आरोपी हैडकांस्टेबल पूराराम से पूछताछ करने में जुटी हुई है। पीड़ित ने सीएचबी थाने में धोखाधड़ी का मामला दर्ज करवाया था। इस मामले की जांच चौपासनी हाउसिंग बोर्ड थाने के हैड कांस्टेबल पूराराम कर रहे थे। परिवादी ने एसीबी में दी शिकायत में बताया कि हैड कांस्टेबल पूराराम ने धोखाधड़ी के मामले में उसके पक्ष में कार्रवाई करने के एवज में 50 हजार की रिश्वत की मांग की, जो वह नहीं देना चाहता है।
इस पर एसीबी ने मामले की तस्दीक करने के लिए परिवादी को 40 हजार देकर पूराराम के पास भेजा। जहां आरोपी हैड कांस्टेबल ने परिवादी से 40 हजार की रिश्वत राशि ले ली। मामले की तस्दीक होने के बाद भी एसीबी के एडिशनल एसपी जगदीश सोनी ने आज ट्रैप की कार्रवाई को अंजाम दिया।
कार्रवाई के दौरान आरोपी हैड कांस्टेबल ने परिवादी दिलीप से 10 हजार की राशि ले ली। इस पर इशारा पाते ही एसीबी टीम ने आरोपी पुलिस हैड कांस्टेबल को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।