विश्व थैलेसीमिया दिवस के मौके पर इस गंभीर बीमारी से पीड़ित बच्चों के चेहरे पर मुस्कान खिलाने के लिए रंगारंग कार्यक्रम आयोजित किया गया। संतोकबा दुर्लभजी अस्पताल के सभागार में थैलेसीमिया चिल्ड्रन सोसायटी की ओर से आयोजित कार्यक्रम में गायक रवींद्र उपाध्याय ने अपने गीतों से बच्चों को झूमने पर मजबूर कर दिया।
रवींद्र ने फिल्मी गीत गाकर खूब तालियां बटोरी। कार्यक्रम में थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों ने अपनी देशभक्ति से भरी प्रस्तुतियों से दर्शकों का दिल जीत लिया। इस मौके पर डॉ. राजीव बंसल ने थैलेसीमिया से जुड़ी जरूरी जानकारी दी। उधर, जवाहर लाल नेहरू मार्ग स्थित जेके लोन अस्पताल में सोमवार को थैलेसीमिया डे मनाया गया। इस मौके पर अस्पताल की थैलेसीमिया ईकाई के प्रभारी डॉ. कपिल गर्ग ने बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। उन्होंने परिजनों से बात कर उनसे परामर्श भी दिया। थैलेसीमिया चिल्ड्रन सोसायटी की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में बच्चों को गिफ्ट भी वितरित किए गए।