अलवर जिले के जिंदोली गांव में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है और तनाव का माहौल है। दरअसल जाट बाहुल वाले इस गांव में दबंगों ने यहां रहने वाले तीन परिवारों का हुक्का—पानी बंद कर दिया है।
जानकारी के अनुसार जगदीश पुत्र शिवनारायण जागू की शादी 22 मई 2017 को डीग की रहने वाली डागुर गोत्र की लड़की गायत्री से हुई। गांव के जाट समाज के बहुसंख्यक डागुर गोत्र के लोग इस शादी से नाराज हो गए। मंगलवार को डागुर गोत्र के करीब ढाई सौ परिवारों ने पंचायत बुलाई। जिसमें डागुर गोत्र के पंच पटेलों ने गांव में रह रहे जागु गोत्र के तीनों परिवारों का सामाजिक बहिष्कार करते हुए हुक्का पानी बंद करने का फरमान सुना दिया।
जागु गोत्र के नव दंपत्ति गांव में स्थित लोक देवता के मंदिर में पूजा अर्चना करने के लिए गाजे बाजे के साथ बुधवार को घर से निकले। तभी डागुर गोत्र के लोग इस मंदिर पर एकत्र हो गए। और यह कहकर पूजा करने से रोक दिया कि हमारे शहगोत्र की लड़की वधू बनकर यहां पूजा-अर्चना नहीं कर सकती।
इसके बाद नवदंपत्ति बिना पूजा-अर्चना किए लौट गए। और इसकी पुलिस को सूचना दी। जिसके बाद ततारपुर थाना अधिकारी राजेश कुमार मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को वार्ता के लिए बुलाया। दोनों पक्षों से शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए समझाइश की स्थिति काबू नहीं होने पर पुलिस ने डागुर पक्ष के 28 व जागु पक्ष के नौ लोगों को शांति भंग के आरोप में गिरफ्तार कर लिया।