प्रदेश में नए सत्र के साथ ही स्कूलों में गुरूजी की उपस्थिति की नई व्यवस्था लागू होगी। ताजा व्यवस्था के तहत शिक्षकों की अपनी उपस्थिति एप के जरिए दर्ज करवानी होगी। इसकी जिम्मेदारी संस्था प्रधान पर होगी। विभाग की ओर से यह व्यवस्था मॉडल स्कूलों से शुरू की गई है।
शिक्षा विभाग का उद्देश्य स्कूलों में शिक्षकों की उपस्थिति में गड़बड़ी पर लगाम लगाना है। इस व्यवस्था के तहत संस्था प्रधान को दिन में दो बार एप पर उपस्थिति रजिस्टर की फोटो लेकर भेजनी होगी। सुबह स्कूल खुलने के दस मिनट बाद और स्कूल बंद होने के समय ये फोटो अपलोड करनी होगी।
इस योजना में सबसे पहले मॉडल स्कूलों में यह व्यवस्था लागू की जा रही है। इसके बाद आदर्श स्कूलों में यह व्यवस्था लागू की जानी है, उसके बाद जाकर सामान्य सरकारी स्कूलों में इस व्यवस्था को लागू किए जाने का नम्बर आएगा।
गौरतलब है कि इससे पहले आवासीय प्रशिक्षण शिविरों में भी उपस्थिति को हाइटेक कर शिक्षकों की हाजिरी पर लगाम कसी गई थी। इसमें शिक्षकों को बायोमेट्रिक उपस्थिति दर्ज करने के लिए पाबंद किया गया था। इसका विरोध भी किया गया था।