महिला शिक्षकों को अस्पताल ले जाती अन्य शिक्षक
- फोटो : amar ujala
उदयपुर के मावली पंचायत समिति के जवानजी का खेड़ा गांव में चल रहे शिक्षकों के आवासीय प्रशिक्षण शिविर में सोमवार सुबह अचानक शिक्षकों की तबीयत खराब हो गई। ऐसे में पांच शिक्षकों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया।
दरअसल, मावली पंचायत समिति के जवानजी का खेड़ा गांव के कस्तूरबा गांधी आवासीय छात्रावास में चल रहे दस दिवसीय प्रशिक्षण में कुल 48 शिक्षक भाग ले रहे हैं। इसी दौरान सोमवार सुबह नाश्ते के बाद यहां कई चिकित्सकों को उल्टियां होने लगी। इनमें पांच शिक्षकों को तुरंत ही अस्पताल ले जाने के लिए एम्बुलेंस मौके पर बुलाई, लेकिन उसकी स्थिति भी बदहाल थी। ऐसे में आनन—फानन में दो—तीन चक्कर लगाकर मावली बीसीएमओ की कार से पास ही सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र ले जाया गया। डॉक्टरों के मुताबिक सुबह के नाश्ते में मिर्च—मसाला ज्यादा होने के कारण शिक्षकों को जी घबराना और उल्टी होने की शिकायत हुई। अब यहां इनका उपचार जारी है।
गौरतलब है कि ये शिक्षक पहले भी यहां लगाए गए आवासीय प्रशिक्षण शिविर में पर्याप्त व्यवस्थाएं नहीं होने के बारे में विरोध जता चुके हैं। इसके बावजूद उच्च अधिकारियों ने इनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया। यहां शिविर में आने वाले अन्य शिक्षकों ने बताया कि यहां पेयजल की भी सही व्यवस्था नहीं है। हालात ये है कि यहां एक बोरिंग है जिसका पानी इतना खारा है कि पीने के लिए बाहर से पानी मंगवाना पड़ रहा है।