ब्यावर हॉस्पिटल में भर्ती मासूम
- फोटो : amar ujala
प्रदेश में अंधविश्वास के कारण आए दिन मासूमों पर अत्याचार करने की घटनाएं सामने आ रही है। ताजा मामला अजमेर के ब्यावर से जुड़ा है। यहां मासूम के पेट पर क्रास का निशान दाग दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, ब्यावर में पांच माह की मासूम आरुषि को कुछ दिनों से अस्थमा की शिकायत थी। काफी इलाज करवाने पर भी जब उसकी तबीयत में कोई सुधार नहीं हुआ तो परिजनों ने शुक्रवार को किसी अन्य व्यक्ति के कहने पर उसके पेट पर गर्म सरिए से दाग दिया। परिजनों ने आरुषि के पेट पर गर्म सरिए से चौकड़ीनुमा निशान बना दिया। इसके बाद जब आरुषि दर्द से कहराने लगी तो परिजन तुरंत उसे लेकर पास ही प्राथमिक चिकित्सा केन्द्र लेकर गए, जहां से उसे ब्यावर के लिए रैफर कर दिया गया।
यहां अमृतकौर अस्पताल में चिकित्सक मासूम की हालत देखकर एकबार तो सकते में आ गए, लेकिन उसका इलाज करने के बाद अब उसकी हालत ठीक बताई जा रही है। साथ ही, उसकी पर्याप्त देखरेख भी की जा रही है। गौरतलब है कि इससे पहले भी अजमेर संभाग में मासूम बच्चों को इलाज के नाम पर दागने के मामले सामने आए हैं। इसके बावजूद परिजनों पर प्रशासन की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।