पीहर जाने से टोकना इतना भारी पड़ेगा पति ने भी नहीं सोचा था। गुस्साई पत्नी ने कुएं में कूदकर जान दे दी। मृतका वीनू (20) पत्नी रमेश भील ने डेढ़ वर्ष पूर्व प्रेम विवाह रचाया था।
मामला उदयपुर जिले के मावली क्षेत्र के बांसलिया गांव का है। मावली थानाधिकारी कन्हैयालाल ने बताया कि मृतका वासनी गांव की रहने वाली थी। उसे बांसलिया गांव का रमेश भगाकर लाया था और दोनों में प्रेम विवाह हुआ था। दोनों पति-पत्नी के रूप में बांसलिया में रह रहे थे, लेकिन आज सुबह वीनू ने रमेश को उसके पीहर वासनी जाने की बात कही थी। इस पर रमेश ने यह कहते हुए टाल दिया कि अभी मैं काम पर जा रहा हूं और तुझे शाम को खुद पीहर छोड़ आऊंगा।
इसी बात को लेकर दोनों में कहासुनी हो गई और आवेश में आकर वीनू गांव ने पास ही एक कुएं में छलांग लगा दी। जैसे ही महिला के कुएं में छलांग लगाने की घटना की जानकारी आसपास मिली तो ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस दोपहर तक भी विवाहिता का शव नहीं निकाल सकी। बताया जा रहा है कि कुएं पानी काफी भरा हुआ है, जहां तीन-तीन मोटर से पानी खाली कराया जा रहा है।