यूं तो जंग के मैदान में आपने कई जवानों को दुश्मनों पर तोप दागते देखा होगा लेकिन हम आपको बता रहे हैं राजस्थान के अजमेर शहर की एक ऐसी लड़की की दास्तां जो घरेलू काम काज के साथ-साथ तोप दागने का भी हुनर जानती है।
ये एक ऐसी बहादुर लड़की है जो कई सालों से तोप दाग कर अजमेर दरगाह की धार्मिक रस्मों का भी आगाज करती है। इस बेटी पर पूरा अजमेर शहर नाज करता है और इसे फोजिया तोपची के नाम से जाना जाता है।
एक और जहां ख्वाजा साहब की खिदमत को लोग तरसते हैं वहीं दूसरी और एक लड़की ऐसी भी है जो बचपन से ही ख्वाजा साहब की खिदमत गुजार है। ये कहानी है अजमेर में ख्वाजा मोईनुद्दीन चिश्ती की दरगाह के ठीक सामने वाली पहाड़ी पर रहने वाली फोजिया खान की जो बचपन से ही ख्वाजा गरीब नवाज की खिदमत तोप दाग कर करती है। इसी की तोप की गरज से उर्स का आगाज होता है और दरगाह की कई रस्मों की शुरुआत भी होती है।