अजमेर पुलिस को चेन स्नैचिंग करने वाले बदमाशों ने उस समय खुला चैलेंज दे डाला जब वो शनिवार सुबह एक सीनियर महिला आरएएस अधिकारी के गले से चेन तोड़ कर फरार हो गए। सीनियर आरएएस अधिकारी स्नेहलता पंवार सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकली थीं, कि उनके घर से थोड़ी ही दूरी पर बाइक सवार दो चेन स्नैचर आए और उनके गले से डेढ़ तोले की चैन उड़ा ले गए।
घटना से स्तब्ध स्नेहलता पंवार इससे पहले खुद को संभाल पाती इतनी देर में लुटेरे भाग निकले जिसके बाद पंवार ने काफी शोर मचाया तो आसपास के लोग मौके पर इक्ट्ठा हुए और उन्हें संभाला। घटना की जानकारी गंज पुलिस को दी गई जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने नाकेबंदी कराई लेकिन बदमाशों का कोई पता नहीं चल पाया। हालांकि बदमाशों द्वारा घटना को अंजाम देने की फुटेज एक घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है जिसके आधार पर पुलिस बदमाशों का पता लगाएगी। पुलिस ने स्नेहलता पंवार के बयानों के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है।
एक सीनियर आरएएस अधिकारी के गले से चेन तोड़ने के बाद बदमाशों ने अजमेर पुलिस की कार्रवाईयों और दावों की पोल खोल दी है। आए दिन होने वाली चेन स्नैचिंग की घटनाओं से तंग लोगों में पुलिस को लेकर पहले ही काफी आक्रोश व्याप्त है ऐसे में अब देखना यह होगा कि कब तक अजमेर पुलिस ऐसी घटनाओं पर रोक लगाने में कामयाब होती है।