राजस्थान के बांसवाड़ा जिले के कुशालगढ़ क्षेत्र में बारी नदी में आज सुबह बहे उपखंड अधिकारी रामेश्वर दयाल मीणा का अभी तक पता नहीं पाया। लगातार बारिश और अंधेरा होने के कारण शाम को सर्च आॅपरेशन रोक दिया गया है।
इधर, मीणा के परिजनों ने आरोप लगाया है कि मीणा तैरना जानते थे और वे तेज बहाव में गाड़ी निकालने की गलती नहीं कर सकते। परिजनों ने साजिश की आशंका जाहिर की है। साथ ही कहा कि ड्राइवर की लापरवाही भी घटना का कारण हो सकती है।
एसडीएम रामेश्वर दयाल मीणा मूलत: अलवर जिले के राजगढ़ स्थित इंदपुरा गांव के निवासी है। उनके नदी में बहने की घटना के बाद परिजन चिंता में डूबे हुए है और भगवान से उनके सुरक्षित होने की प्रार्थना कर रहे है। वे लगातार टीवी के माध्यम से घटना पर नजर बनाए हुए हैं। वहीं, रामेश्वर के दो बेटे संजय और संदीप सुबह ही बांसवाड़ा के लिए रवाना हो गए। घर पर तीसरा बेटा सोनू परिजनों को संभाले हुए है।