जयपुर की एक बच्ची की परेशानी सलमान ने पहचानी और उससे निजात भी दिलाई। मामला जयपुर की रहने वाली रोजी का है। रोजी को सुनने में परेशानी आती है। डॉक्टरी भाषा में कहें तो हियरिंग लॉस की दिक्कत है। सलमान खान की एनजीओ बीइंग ह्यूमन के जरिए इस बच्ची को हियरिंग मशीन उपलब्ध करवाई गई है।
पूर्व वन एवं पर्यटन मंत्री बीना काक ने अपने ट्विटर हैंडल पर एक पोस्ट डाला है। इसमें उन्होंने डॉ. रंजू वर्मा के साथ रोजी का फोटो पोस्ट किया है। काक ने ये फोटो डालकर लिखा है कि थैंक यू बींग सलमान खान। रोजी को सुनने की मशीन देने के लिए।
इस फोटो में मौजूद डॉ. रंजू वर्मा ने कहा कि ये बच्ची बीना काक की मेड की बहन है। बच्ची को सुनने में परेशानी आती है। ऐसे में पिछले कुछ समय से उसका ट्रीटमेंट उनके पास चल रहा है। डॉ. रंजू का कहना है कि इस बच्ची को ये मशीन लगाने से उसके सुनने में परेशानी काफी हद तक कम हो सकेगी। आने वाले दिनों में भी इसका ट्रीटमेंट उनके पास ही चलेगा। जहां तक बात सलमान खान की है, संभवतया ये मशीन सलमान की एनजीओ बीइंग ह्यूमन की ओर से बच्ची को गिफ्ट की गई है।