बॉलीवुड स्टार सलमान खान ने आज जोधपुर के एडीजे कोर्ट से माफी मांगी है। यह माफी कोर्ट में उपस्थित नहीं होने के कारण मांगी गई है।
सलमान खान को आज अवैध हथियार मामले में एडीजे कोर्ट में उपस्थित होकर 20 हजार रुपए के जमानत मुचलके भरने थे। इससे पूर्व सलमान को इस मामले में डीजे कोर्ट में उपस्थित होना था, लेकिन जज के सेवानिवृत होने के कारण इस मामले की सुनवाई एडीजे कोर्ट को करनी है।
इस मामले में अब अगली सुनवाई चार अगस्त को होगी। जानकारी के अनुसार चार अगस्त को सलमान खान कोर्ट में पेश हो सकते हैं। गौरतलब है कि इसी वर्ष 18 जनवरी मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ने सलमान खान को अवैध हथियार रखने के मामले में बरी कर दिया था।
इसके खिलाफ राज्य सरकार ने अपील पेश की और सलमान खान को नोटिस जारी किए गए थे। इसके बाद सलमान खान को 21 अप्रेल को जमानत मुचलके भरने के आदेश दिए थे।