सचिन की बर्थ-डे पर उनके चाहने वालों का तांता लगा रहा। दिन भर लोग आए, बधाइयां दीं, गिफ्ट भी दिए। इसी भीड़-भड़क्के के बीच लोगों की जेब पर चोर हाथ साफ कर गए।
दरअसल, कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष सचिन पायलट का जन्मदिन आज जयपुर में धूमधाम से मनाया गया। संसार चंद्र रोड के पास स्थित पीसीसी कार्यालय में कार्यकर्ता बड़ी संख्या में जमा हुए। अगले चुनावों में टिकट की दावेदारी रखने वाले कार्यकर्ताओं ने शक्ति प्रदर्शन भी किया। इस दौरान सचिन पायलट के पक्ष में नारे भी लगाए गए। कार्यकर्ताओं ने सचिन पायलट को गदा भी भेंट की तो ताजमहल भी, माला पहनाई गई और मुंह मीठा करवाया गया।
जन्म दिन का जश्न जहां कई लोगों के लिए खुशियां लेकर आया था, वहीं किसी के लिए परेशानी का सबब भी बन गया। पीसीसी पर गाड़ियों का रेला आया तो जाम की स्थिति बन गई। इस दौरान आसपास के रास्तों पर जगह नहीं मिलने के कारण वाहन रेंगते हुए नजर आए। जन्मदिन के इस जश्न में एक व्यक्ति की जेब भी कट गई। करीब बारह हजार रुपए की जेब कटने की बात सामने आई है।