राजस्थान में विधानसभा चुनाव 2023 के तैयारी में जुटी बहुजन समाज पार्टी को झटका लगा है। दर्जन भर जिला कार्यकारिणी सदस्यों ने इस्तीफा दे दिया। इस्तीफा देनेवाले सभी बसपा प्रदेश अध्यक्ष की कार्यशैली से नाराज थे।
मीडिया रिपोर्टस के अनुसार रविवार को जयपुर में बसपा की अहम बैठक हुई। बैठक में प्रदेश प्रभारी बसपा रामजी गौतम और बसपा के राष्ट्रीय समन्वयक आकाश आनंद मौजूद रहे। इसी दौरान प्रदेश अध्यक्ष भगवान सिंह बाबा की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए दर्जन भर जिला कार्यकारिणी सदस्यों ने सामूहिक इस्तीफा दे दिया। राजसंमद, झालावाड़, जोधपुर, प्रतापगढ़, चित्तौड़गढ, डूंगरपुर, सिरोही, धौलपुर, जयपुर, भीलवाड़ा, भरतपुर और उदयपुर जिला कार्यकारिणी सदस्यों ने इस्तीफा दिया है।
इस मामले को लेकर प्रदेश कार्यालय में जमकर हंगामा हुआ। हालांकि, प्रदेश प्रभारी बसपा रामजी गौतम का कहना है कि सभी सदस्यों को पहले ही पदों से हटा दिया गया था।दूसरी ओर त्यागपत्र देने वाले नेताओं ने बताया कि उन्हें कभी किसी पद से नहीं हटाया गया है। नेताओं ने बसपा प्रदेश अध्यक्ष पर पंचायत चुनावों में टिकट के बदले पैसा मांगने और मनमानी से टिकट देने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। इसके साथ ही उन्होंने वरिष्ठ नेताओं के साथ भेदभाव करने के आरोप लगाए हैं।
नेताओं ने त्यागपत्र में लिखा कि 2008 में मौजूदा पंचायत राज्यमंत्री राजेंद्र गुढ़ा ने बसपा को धोखा दिया। 2008 में बाबा भगवान सिंह के इशारे पर ही उन्हें फिर से टिकट दिया और पार्टी को धोखा मिला। इससे कार्यकर्ताओं का मनोबल गिरा है।