बड़ी चौपड़ पर झंडारोहण करते बीजेपी नेता
- फोटो : amar ujala
राजस्थान की राजधानी जयपुर में आज गणतंत्र दिवस पर बरसों पुरानी परंपरा फिर से निभाई गई। यहां बीजेपी-कांग्रेस दोनों प्रमुख राजनीतिक पार्टियों की ओर से ध्वजारोहण किया गया।
जानकारी के अनुसार, जयपुर के बड़ी चौपड़ पर आजादी के बाद से ही दोनों प्रमुख पार्टियों की ओर से ध्वजारोहण का कार्यक्रम आयोजित किया जाता है। इसी कड़ी में आज गणतंत्र दिवस के मौके पर फिर यहां दोनों प्रमुख पार्टियों बीजेपी और कांग्रेस के नेता मंच पर साथ-साथ खड़े नजर आए। हालांकि, दोनों पार्टियों के मंच अलग-अलग तैयार किए गए थे, जहां पार्टियों के प्रमुख नेताओं ने ध्वजारोहण किया। यहां बरसों से परंपरा है कि पहले सत्तापक्ष की ओर से ध्वजारोहण होता है और फिर विपक्षी पार्टी की ओर से।
इस बार यहां बीजेपी की सरकार होने से पहले उनकी ओर से राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया और फिर विपक्षी पार्टी कांग्रेस की ओर से झंडारोहण हुआ। बड़ी चौपड़ पर होने वाले इस कार्यक्रम का आयोजन यहां दोनों पार्टियों की जिला यूनिट की ओर से किया जाता है।
राजस्थान के अजमेर और अलवर लोकसभा सीट व मांडलगढ़ विधानसभा सीट पर उपचुनाव के चलते पार्टियों के शीर्ष नेतृत्व यहां अनुपस्थित रहे। ऐसे में बीजेपी की ओर से यहां जिला अध्यक्ष संजय जैन ने झंडा फहराया और उसके बाद विपक्षी पार्टी की ओर से नेता प्रतिपक्ष रामेश्वर डूडी ने यह परंपरा निभाई।