करीब 35 हजार शिक्षकों की भर्ती के लिए अध्यापक पात्रता रीट की परीक्षा आज संपन्न हुई। परीक्षार्थियों का कहना है कि पेपर सरल था, लेकिन मनोविज्ञान और गणित के पेपर में सवाल घुमाकर दिए गए थे।
राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की ओर से आयोजित रीट परीक्षा-2017 राजस्थान में 2253 केंद्रों पर दो पारियों में आयोजित हुई। इस परीक्षा के लिए कुल 9,79,768 ने आवेदन किया था जिनमें से करीब 90 फीसदी अभ्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए। पहली पारी की तुलना दूसरी पारी में परीक्षार्थी कम बैठे।
परीक्षा के बाद अभ्यार्थियों ने पेपर को सरल बताया। उनके चेहरे खिले हुए थे। उनका कहना था कि मनोविज्ञान और गणित के पेपर की बात छोड़ दें तो कुल मिलाकर पेपर अच्छा हुआ है। ऐसे में परीक्षार्थियों ने कंपीटिशन ज्यादा रहने की संभावना जताई।
पेपर लीक पर बोर्ड ने किया ये दावा
reet 2017
राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के दावे के अनुसार, परीक्षा शांतिपूर्ण रही है।
बोर्ड ने इस परीक्षा के पेपर लीक होने की बात को अफवाह बताया जबकि कुछ लोग दावा कर रहे है कि परीक्षा शुरू होने से पहले पेपर सोशल मीडिया पर आ चुका था। बोर्ड का कहना है कि जिस पेपर को लेकर दावा किया जा रहा है वह पुराना है। पेपर लीक होने की अफवाह के चलते शिक्षा मंत्री वासुदेव देवनानी भी बोर्ड के दफ्तर पहुंचे और स्थिति की जानकारी ली।
फिर भी पकड़े गए नकलची
exam shimla
बोर्ड और प्रशासन ने रीट में नकल रोकने के हर संभव प्रयास किए। परीक्षा केंद्रों पर कैमरों से निगरानी रखी गई। संवेदनशील जिलों भरतपुर, करौली, धौलपुर एवं सवाईमाधोपुर में इंटरनेट बंद रखा गया।
इसके बाद नकलची अपनी हरकतों से बाज नहीं आए। जैसलमेर में एक परीक्षार्थी की जगह उसका रिश्तेदार परीक्षा देते पकड़ा गया। आरोपी महिपाल फलौदी का निवासी बताया जा रहा है और वह जैसलमेर में अपने रिश्तेदार की जगह परीक्षा दे रहा था।
इसी तरह, अलवर बहरोड के पीजी कॉलेज में आज पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक छात्र को मोबाइल और ब्लूटूथ के साथ नकल करते हुए पकड़ा।