बीसीसीआई की ओर से राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन की सम्बद्धता निलंबित करने के खिलाफ दायर दावे को आरसीए ने वापस ले लिया है।
जयपुर के अतिरिक्त जिला न्यायालय क्रम-4 में आज आरसीए की ओर से आरएस नांदू ने प्रार्थना पत्र पेश कर दावा वापस लेने की अनुमति मांगी। वहीं बीसीसीआई की ओर से प्रार्थना पत्र पर कोई आपत्ति दर्ज नहीं कराई गई। इस पर अदालत ने प्रार्थना पत्र स्वीकार कर लिया।
प्रार्थना पत्र में कहा गया कि आरसीए के निलंबन के संबंध में हाईकोर्ट में विवाद का निपटारा किया जाएगा। ऐसे में आरसीए की ओर से पेश दावे को वापस लेने की अनुमति दी जाए। गौरतलब है कि बीसीसीआई ने ललित मोदी के आरसीए से जुड़ने के कारण आरसीए की संबंद्धता को निलंबित कर दिया था। इसके खिलाफ आरसीए की ओर से दावा पेश कर निलंबन को चुनौती दी गई थी। वहीं मोदी ने गत दिनों आरसीए और नागौर जिला क्रिकेट संघ से इस्तीफा दे दिया था।
हाईकोर्ट ने सुनवाई के दौरान बीसीसीआई की ओर से कहा गया था कि जब तक आरसीए उनके खिलाफ दायर सभी मामलों को वापस नहीं ले लेती, तब तक सम्बद्धता निलंबन वापस नहीं हो सकता।