राजस्थान क्रिकेट संघ की कुर्सी पर कौन काबिज होगा कुछ घंटों के इंतजार के बाद यह साफ हो जाएगा। आरसीए के चुनाव परिणाम शुक्रवार दोपहर साढ़े बारह बजे तक आ जाएंगे। तब तय हो पाएगा कि आरसीए की सत्ता पहले मोदी गुट के हाथों में रहेगी या फिर जोशी गुट इस सत्ता को हथिया पाएगा।
जानकारी के मुताबिक आरसीए में शुक्रवार करीब बारह बजे मतों की गिनती शुरू होगी और साढ़े बारह बजे बाद परिणाम आ जाएंगे। इससे पहले राजस्थान हाईकोर्ट ने आदेश दिए कि सोमवार को हुए चुनाव की मतगणना और परिणाम दो जून को घोषित कर दिए जाएं। यह आदेश रामपाल शर्मा की याचिका पर सुनवाई करते हुए हाईकोर्ट ने दिए। जस्टिस जेके रांका ने यह आदेश दिए थे। इससे पहले आरसीए चुनाव की मतदान प्रक्रिया सोमवार को समाप्त हुई और 33 जिला संघों ने अपने अपने वोट डाले जिसके बाद राजस्थान क्रिकेट का भविष्य एक लिफाफे में बंद किया गया था।
अब शुक्रवार को तय होगा कि पूर्व आईपीएल चेयरमैन और आरसीए के पूर्व अध्यक्ष ललित मोदी के बेटे रुचिर मोदी और राजनीति के दिग्गज डॉ. सीपी जोशी में से कौन आरसीए अध्यक्ष बनेगा।