राजस्थान की संस्कृति की पहचान मानी जानी वाली गणगौर की सवारी गुरुवार को धूमधाम के साथ निकलेगी। सवारी शाम 6 बजे सिटी पैलेस से शुरू होकर त्रिपोलिया बाजार, छोटी चौपड़, गणगौरी बाजार से होते हुए तालकटोरा पहुंचेगी।
पिछले कई सालों में गणगौर की सवारी ने पारंपरिक आकर्षण को बनाए रखा है। गणगौर के जुलूस में पर्यटक और आगन्तुक पारम्परिक नृत्यों एवं प्रस्तुतियों कच्ची घोड़ी, कालबेलिया, बहरूपिया, अलगोजा, गैर, चकरी, आदि का आनन्द ले सकेंगें। इस जुलूस में तोप गाडी, सुसज्जित रथ, घोडे़ और ऊंट भी सम्मिलित होंगे। जुलूस में बैण्ड भी अपनी प्रस्तुति देते हुए चलेंगे। गणगौर की सवारी के ठीक पीछे दालेत चैबदार और पारम्परिक पोशाक में कलश लिए महिलाओं का दल होगा। जुलूस के अंत में घोडे़ पर सवार पुलिस का दल भी होगा।
यह सवाली पर्यटन विभाग, जिला प्रशासन, महाराजा सवाई मानसिंह द्वितीय संग्रहालय ट्रस्ट और नगर निगम जयपुर की ओर से आयोजित की जा रही है। कार्यक्रम में पर्यटकों के लिए त्रिपोलिया गेट के सामने हिन्द होटल की छत से गणगौर के जुलूस की फोटोग्राफी करने की व्यवस्था की गई है। यह शोभायात्रा शुक्रवार को भी इसी समय निकाली जायेगी।