केंद्र सरकार की ओर से लाए गए कृषि कानूनों को वापस करवाने में किसान यूनियन और किसान नेता राकेश टिकैत की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। ऐसे में अब किसानों की समस्या को लेकर राकेश टिकैत पूरे देश का दौरा कर रहे हैं। इसी कड़ी में सोमवार को टिकैत बीकानेर के दौरे पर रहे। जहां जिला कलेक्टर के सामने किसानों की महापंचायत का आयोजन किया गया।
राकेश टिकैत ने कहा, किसानों की बहुत सारी समस्याएं हैं, जिन्हें हल करवाना बाकी है। साथ ही उन्होंने कहा, देश आंदोलन से ही चल सकता है। उत्तर प्रदेश के चुनाव में जिस तरह का माहौल हुआ वो किसी से छिपा हुआ नहीं है. बीजेपी पर सीधा आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा, वे बेईमानी से चुनाव जीते हैं और आगे भी ऐसा ही करेंगे। गृह राज्य मंत्री अजय मिश्रा टैनी के उन पर दिए बयानों पर जवाब देते हुए कहा, यह उनकी बौखलाहट है. एक दुखी आदमी क्या करेगा? उनका बेटा जेल में है और दुखी आत्मा ऐसी ही बातें करता है।
जाट महासभा के अध्यक्ष राजाराम मील ने कहा, केंद्र सरकार किसानों के साथ गलत कर रही रही है। लेकिन राजस्थान में भी ओबीसी आरक्षण के वर्गीकरण में जिस तरह से गड़बड़ हो रही है, उसको लेकर भी बड़े आंदोलन की तैयारी कर रहे हैं। साथ ही उन्होंने कहा, कई जगह पर हमने बैठक की है और अब आने वाली लड़ाई किसी मुद्दे को लेकर होगी।
इन मुख्य मुद्दों पर है महापंचायत
- न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर गांरटी कानून लागू हो
- बिजली संशोधित बिल 2022 पर रोक लगे
- दूध और अन्य खाद्य पदार्थ जीएसटी मुक्त हों और दूध का लाभकारी मूल्य तय हो
- फसल बीमा का उचित मुआवजा समय पर मिले
- स्थानीय मुद्दों में भडारण और डूंगरगढ़ क्षेत्र को नहर से जोड़ा जाए
- श्रीडूंगरगढ़ बीदासर सड़क पर रेल ऑवर ब्रिज बने
- नहरी क्षेत्र में रेग्यूलेशन नियमित हो
- अग्निपथ/अग्निवीर योजना रद्द हो