राजस्थान में मुख्यमंत्री को लेकर अभी भी संस्पेंस है। एक ओर गहलोत समर्थक अशोक गहलोत को सीएम पद पर बने रहने देने की मांग कर रहे हैं। दूसरी ओर पायलट समर्थक जोर-शोर से सचिन पायलट को मुख्यमंत्री बनाने की पैरवी कर रहे हैं। इस बार पायलट समर्थकों ने कांग्रेस मुख्यालय के बाहर सचिन पायलट को कांग्रेस अध्यक्ष बनाने की मांग कर डाली।
कांग्रेस अध्यक्ष पद के नामांकन के लिए शुक्रवार को आखिरी तारीख है। मल्लिकार्जुन खरगे और शशि थरूर ने नामांकन दाखिल किया। इस दौरान बड़ी संख्या में नेताओं और समर्थकों की भीड़ लगी रही। ऐसे में पायलट समर्थक भी दिल्ली कांग्रेस मुख्यालय पहुंचे। जैसे ही मुख्यमंत्री अशोक गहलोत नजर आए, समर्थकों ने जमकर सचिन पायलट के नाम की नारेबाजी की। कांग्रेस मुख्यालय के बाहर जमा समर्थकों ने कहा कि राहुल गांधी भी युवा हैं; भारत का भविष्य युवाओं के हाथ में है। जब तक युवाओं को शीर्ष पद नहीं दिया जाएगा, तब तक कांग्रेस को सत्ता नहीं मिलेगी। पायलट को जमीनी स्तर की समस्याओं और पार्टी कार्यकर्ताओं के सामने आने वाली समस्याओं के बारे में पता है। एक पायलट समर्थक का कहना है कि हम मांग करते हैं कि ऐसे नेता को पार्टी अध्यक्ष बनाया जाना चाहिए।
— ANI (@ANI)
September 30, 2022 ">http://
राजस्थान में मचे घमासान के बाद सचिन पायलट ने गुरुवार को सोनिया गांधी से मुलाकात की। इसके बाद पायलट 10 जनपथ से निकले तो उन्हें चेहरे पर मुस्कान थी। कई दिनों से चुप्पी साधे सचिन पायलट ने मीडिया से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने अगले सीएम को लेकर जवाब नहीं दिया लेकिन कहा कि हमारी पहली प्राथमिकता राजस्थान है।
उन्होंने कहा कि राजस्थान में जो भी घटनाक्रम हुआ उस पर पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी और अन्य नेताओं से विस्तार से बात की। मेरी भावनाएं और मेरा फीडबैक उन्हें दे दिया है। राजस्थान को लेकर जो भी निर्णय होना है वह कांग्रेस आलाकमान करेगा। राजस्थान में अगला सीएम कौन होगा, ये एक-दो दिन में तय हो जाएगा।