हार्डकोर अपराधियों के मामले में राजस्थान पुलिस की एक और लापरवाही सामने आई है। ये लापरवाही कुख्यात गैंगस्टर आनन्दपाल की साथी लेडी डॉन को पेशी लाते समय बरती गई। गनीमत रही कि कोई कोई अनहोनी नहीं हुई।
जानकारों की मानें तो यह लापरवाही ठीक वैसी ही थी जैसी कि कुख्यात आनन्दपाल के फरारी होते समय बरती गई थी। दअसल लेडी डॉन अनुराधा को पुलिस शनिवार को किशनगढ़ में पेशी पर लेकर आई थी।
इस दौरान बार—बार मैसेज के बाद भी पुलिस का जाप्ता नहीं पहुंचा। मजबूरन बिना अतिरिक्त जाप्ते के ही उसे पुलिस अदालत में पेशी कराने ले कर गई। जबकि आनन्दपाल की फरारी के बाद इस गैंग से जुड़े लोगों को पेशी के समय ले जाते समय एस्कार्ट करने एवं अतिरिक्त जाप्ता तैनात करने के निर्देश हैं।
इससे भी बड़ी लापरवाही यह रही कि जिस वाहन से अनुराधा को लाया गया था उसका ड्राइवर सत्यनारायण नशे में था। बांदरसिंदरी थाना पुलिस ने सत्यनारायण को हिरासत में लेकर उसका मेडिकल करवाया। पुलिस वाहन से शराब की बोतल भी बरामद हुई।