जयपुर महाखेल के उद्घाटन के मौके पर बीजेपी के जयपुर ग्रामीण सांसद राज्यवर्द्धन सिंह ने कहा- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की युवाओं के विकास के लिए शुरू की गई फिट इंडिया मूवमेंट, खेलो भारत योजना, जो खेलेगा वो खिलेगा से प्रेरित होकर ही ’जयपुर महाखेल’ करवाया जा रहा है। उन्होंने कहा-हमने जयपुर ग्रामीण में 26 करोड़ रुपए खर्च किए हैं। 32 खेल मैदान तैयार करवाए हैं। 17 मिनी स्टेडियम और 3 इनडोर जिम लगवाए हैं। करीब 50 ओपन जिम भी लगवाए हैं। जिनमें खिलाड़ी और युवा रेग्युलर जा रहे हैं। लेकिन राजस्थान की गहलोत सरकार ने ग्रामीण ओलम्पिक्स के नाम पर करोड़ों रुपया खर्च कर दिया। एसेट कुछ भी नहीं बनाया। स्टेडियम भी नहीं बनाए।
32 खेल मैदानों पर 512 पुरुष, 128 महिला टीमें खेलेंगी
इस प्रतियोगिता में जयपुर ग्रामीण लोकसभा की सभी ग्राम पंचायते भाग ले रही हैं। लोकसभा क्षेत्र में 32 खेल मैदानों पर 512 पुरूषों और 128 महिलाओं की टीमें भाग ले रही है। सालों से चले आ रहा जयपुर महाखेल ग्रामीण युवाओं के विकास में मील का पत्थर साबित हो रहा है। कर्नल राज्यवर्धन ने बताया कि जयपुर महाखेल के लिए 21 सदस्यीय आयोजन समिति बनाई गई है। जिसमें भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एससी मोर्चा गणपत वर्मा, पूर्व प्रधान रघुवीर चौधरी, पूर्व ओलंपियन श्रीराम सिंह, जूडो खिलाड़ी और कोच महेश कुमावत, क्रिकेट खिलाड़ी और कोच जगजीत सिंह, कबड्डी खिलाड़ी जगदीश ढाका सहित अनुभवी खिलाड़ी, खेल प्रेमी और पीटीआई शामिल हैं।
15 जनवरी से हर ग्राम पंचायत में मुकाबले
जयपुर महाखेल आयोजन समिति ने बताया कि 15 जनवरी से हर ग्राम पंचायत से पुरूष और महिलाओं की एक-एक टीम मुकाबले में उतरेगी। महिला और पुरूष टीमों में से हर विधानसभा में विजेता रहने वाली टीमों को 21 हजार रुपए, रनरअप टीमों के लिए 11 हजार रुपए, लोकसभा स्तर पर महिला और पुरूष विजेता टीमों को 51000 रुपए, रनरअप टीम को 31000 रुपए से सम्मानित किया जाएगा। राजस्थान कबड्डी फेडरेशन की ओर से जयपुर महाखेल के 20 सर्वश्रेष्ठ खिलाडियों को विशेष ट्रेनिंग दी जाएगी। जिससे उन्हें नेशनल लेवल पर खेलने का मौका मिलेगा।
कार्यक्रम में ये लोग रहे मौजूद
कार्यक्रम में फुलेरा विधायक निर्मल कुमावत, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष राव राजेन्द्र सिंह, पूर्व कैबिनेट मंत्री राजपाल सिंह शेखावत , पूर्व विधायक जगदीश मीणा मौजूद रहे। साथ ही अर्जुन अवार्डी प्रो कबड्डी प्लेयर संदीप नरवाल, महाराणा प्रताप अवार्ड़ी एशियन मेडलिस्ट शालिनी पाठक, एशियन मेडलिस्ट प्रो कबड्डी प्लेयर राजूलाल चौधरी, एशियन मेडलिस्ट प्रो कबड्डी प्लेयर रोहित कुमार, एशियन गोल्ड मेडलिस्ट प्रो कबड्डी प्लेयर सचिन तंवर ने युवाओं का हौसला बढ़ाया