मशहूर सरिया ब्रांड राठी टीएमटी सरिया के निदेशक को टैक्स चोरी करना भारी पड़ गया। आज जयपुर शहर के अतिरिक्त मुख्य महानगर मजिस्ट्रेट (आर्थिक अपराध) ने उत्पाद शुल्क चोरी करने वाले मैसर्स राठी टीएमटी सरिया के निदेशक श्रीवत्स राठी को दो साल की सजा सुनाई है।
पीठासीन अधिकारी दीक्षा ने अभियुक्त पर एक हजार रुपए का जुर्माना भी लगाया है। इसके साथ ही अदालत ने फर्म पर दो लाख रुपए का जुर्माना भी लगाया है। अभियोजन पक्ष की ओर से विशेष लोक अभियोजक बनवारीलाल ताखर ने अदालत को बताया कि केन्द्रीय उत्पाद शुल्क विभाग ने भिवाड़ी स्थित मैसर्स राठी टीएमटी सरिया का 12 अक्टूबर 2007 को निरीक्षण किया था। विभाग को निरीक्षण में फर्म के खातों में गड़बड़ियां मिली।