महानगर मजिस्ट्रेट क्रम-30 अदालत में मंगलवार को महेशनगर थाना पुलिस ने एमबीए छात्रा से दुष्कर्म के आरोपी पूर्व आईएएस बीबी मोहंती के खिलाफ आरोप पत्र पेश किया है। आरोप पत्र में पुलिस ने मोहंती को प्रथमदृष्टया दुष्कर्म का आरोपी माना है।
आरोप पत्र में कहा गया कि 25 जनवरी 2014 को यूपी निवासी एमबीए छात्रा ने आईएएस की तैयारी कराने और शादी का झांसा देकर एक साल तक देह शोषण करने का आरोप लगाया था।
पीडि़ता की ओर से रिपोर्ट में कहा गया कि स्वेज फॉर्म इलाके में पीडिता के हॉस्टल के नजदीक रहने वाले मोहंती ने आईएएस के नोट्स देने का झांसा देकर पहली बार 19 फरवरी 2013 को दुष्कर्म किया था। इसके बाद मोहंती उसे जबरन अपने साथ 28 और 29 अप्रैल 2013 को आगरा, 8 जुलाई 2013 से 12 जुलाई तक गोवा, 25 अगस्त से 27 अगस्त 2013 को चेन्नई में और उदयपुर के साथ-साथ गुडगांव व भरतपुर लेकर गया और शादी का झांसा देकर बलात्कार किया। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद मोहंती फरार हो गया। इस पर अदालत ने उसे भगौडा घोषित कर संपत्ति कुर्क करने की कार्रवाई भी की। वहीं गत दिनों मोहंती ने थाने पहुंच कर आत्म समर्पण किया था।