जोधपुर शहर में बिगड़ी कानून व्यवस्था को लेकर स्वप्रेरणा से दायर याचिका पर आज राजस्थान हाईकोर्ट में सुनवाई हुई।
जस्टिस गोविन्द माथुर और जस्टिस अरुण भंसाली की खंडपीठ में सुनवाई के दौरान प्रदेश के गृह सचिव दीपक उप्रेती, संभागीय आयुक्त रतन लाहोटी, जिला कलेक्टर डॉ.रवि सुरपुर और पुलिस कमिश्नर अशोक राठौड़ पेश हुए। सुनवाई करते हुए खंडपीठ ने गृह सचिव की जमकर खिंचाई की। खंडपीठ ने कहा कि चैन स्नेचिंग, मर्डर और फायरिंग की घटनाएं शहर में आम हो गई है। शहर में कई गैंग सक्रिय है। सरकार और अधिकारी शहर की बिगड़ी कानून व्यवस्था को लेकर कुछ नहीं कर पा रहे हैं।
हालात इस कदर बिगड़ गए हैं कि जोधपुर बिहार,झारखंड बनता जा रहा है। लगता है कि अब लोगों को ही कुछ करना होगा। खंडपीठ ने कहा कि जोधपुर में ना जाने कितनी गैंग बन गई है। जोधपुर शहर अलग से आईलैंड लगने लगा है जो पहले कभी नहीं सुना वह यहां होने लगा है।