उल्टा लटककर विरोध प्रदर्शन करते कर्मचारी
- फोटो : amar ujala
सरकार के चार साल पूरे होने पर आज कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर चल रहे आंदोलन के तहत जोधपुर में जिला कलक्टर कार्यालय के समक्ष अनोखा प्रदर्शन किया। इस दौरान कर्मचारियों ने जिला कलक्ट्रेट कार्यालय के समक्ष बल्लियों पर उल्टा लटककर अपना विरोध दर्ज करवाया।
कर्मचारियों ने बताया कि 7वें वेतन आयोग को जनवरी 2016 से लागू करने, कर्मचारियों के वेतन में कई कटौती को वापस लेने, नई पेंशन योजना को बंद कर पुरानी पेंशन योजना को लागू करने के साथ ही संविदा पर कई वर्षों से सेवा दे रहे कार्मिकों को स्थाई करने सहित विभिन्न मांगों को लेकर अखिल राजस्थान संयुक्त कर्मचारी संघर्ष समिति के बैनर तले पिछले कई दिनों से आंदोलनरत हैं। इसके तहत कर्मचारियों का पिछले 2 दिन से जोधपुर जिला कलक्ट्रेट के समक्ष धरना और अनशन चल रहा है।
आंदोलन की कड़ी में आज कर्मचारियों ने सरकार के 4 साल पूर्ण होने पर जिला कलक्ट्रेट कार्यालय के समक्ष अपनी मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कर्मचारियों ने जिला कलक्ट्रेट के समक्ष बल्लियां लगाईं और उन पर उल्टा लटककर अपना विरोध दर्ज करवाया।
साथ ही सरकार को चेतावनी दी है कि अगर समय रहते सरकार ने उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया तो आने वाले विधानसभा चुनाव में कर्मचारी सरकार को सत्ता से बाहर कर देंगे। कर्मचारियों ने सरकार से समय रहते उनकी मांगों पर उचित कार्यवाही करने की मांग की है।