एक अस्पताल में बिना डॉक्टर के खाली पड़ी कुर्सी
- फोटो : Amar Ujala
राजस्थान में सात दिन से चल रही सरकारी डॉक्टरों की बेमियादी हड़ताल को समाप्त करने के प्रयास आज फिर से शुरू हुए। सचिवालय में सरकार के साथ बातचीत का अभी कोई नतीजा सामने सामने नहीं आया है। बातचीत के दौरान किसी बात को लेकर डॉक्टरों के नेता उखड़ गए और फिर बाहर आकर सरकार के रवैये पर आक्रोश जताया।
राजस्थान में विभिन्न मांगों को लेकर सेवारत डॉक्टर सात दिन से हड़ताल पर है। आज दोपहर में दो बजे से सरकार के साथ उनकी बातचीत शुरू हुई। इस दौरान अचानक राजस्थान सेवारत चिकित्सक संघ के अध्यक्ष डॉ. अजय चौधरी बातचीत छोड़कर बाहर आए और मीडिया के सामने सरकार के रवैये को लेकर आक्रोश जताया। डॉ. चौधरी ने सरकार पर वादा खिलाफी का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार अपनी हठधर्मिता के कारण इस मामले को हल नहीं होने देना चाहती।
इसके बाद डॉ. चौधरी ने बातचीत का दौर जारी है, कहते हुए वापस चले गए। बताया जा रहा है कि ग्रेड पे और एरियर के साथ एकल पारी में ड्यूटी की मांग पर गतिरोध बना हुआ है। बैठक में राज्य सरकार की ओर से स्वास्थ्य मंत्री कालीचरण सराफ, स्वास्थ्य और वित्त विभाग के आला अधिकारी मौजूद है।