जो विद्यार्थी बोल सुन नहीं सकते, वो अपनी मांगों को लेकर आज स्कूल पर ताला लगाकर बाहर बैठ गए। इन मूक बधिर बच्चों ने इशारों- इशारों में अपनी परेशानी भी बताई।
मामला जयपुर के राजकीय सेठ आनंदी लाल पोद्दार मूक बधिर संस्थान के विद्यार्थियों से जुड़ा है। मूक बधिर विद्यार्थी आज अपनी मांगों को लेकर सड़क पर आ गए। इन विद्यार्थियों का आरोप है कि संस्था के प्रधान साइन लेंग्वेज नहीं समझते हैं। ऐसे में वे इन बच्चों की परेशानी नहीं समझ पाते, जबकी पूर्व के संस्था प्रधान साइन लेंग्वेज जानते थे।
बच्चों का कहना है कि कई शिक्षक हैं जो बच्चों की भाषा न समझ पाते हैं, न ही उनकी समस्या को। ऐसे में शिक्षा का स्तर स्कूल में गिरता जा रहा है। इन बच्चों ने स्कूल के दो शिक्षकों पर भी बदसलूकी के आरोप लगाए। बच्चों से बात करने आए शिक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ भी यही दिक्कत आई। अपनी मांगों को लेकर बच्चों ने स्कूल पर ताला लगा दिया और मांगें न मानें जाने तक ताला नहीं खोलने की बात कही।