वसुंधरा राजे ने करौली में पोस मशीनों की जानकारी ली
- फोटो : Amar Ujala
राजस्थान की सीएम वसुंधरा राजे पर यूपी सीएम योगी का असर नजर आने लगा है। करौली में आयोजित आपका जिला आपकी सरकार कार्यक्रम में राजे योगी की तरह ही औचक निरीक्षण करने पहुंची, खामियां मिलने पर मंत्री और अफसरों को तलब किया और लापरवाही के लिए अफसरों को दी कड़ी चेतावनी। करौली जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी दाताराम को शिकायतों के बाद इस पद से हटा दिया।
सीएम राजे पिछले तीन दिन से करौली में हैं और स्कूलों की हालत देखकर पहले उन्होंने शिक्षा मंत्री वासुदेव देवनानी को तलब किया। देवानानी अपने सभी कार्यक्रम छोड़ सीधा करौली पहुंचे। मुख्यमंत्री ने उन्होंने स्कूलों की समस्याएं सुलझाने के निर्देश दिए और उन्हीं के सामने समस्याएं भी सुनीं। इसके बाद शनिवार को उन्होंने जिला कलेक्ट्रेट में जिला स्तरीय अधिकारियों की क्लास ली। उन्होंने अधिकारियों को साफ शब्दों में चेताया कि वे शासन के लिए नहीं, जनता की सेवा करने के लिए राजकीय सेवा में आए हैं। लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों-अधिकारियों को सरकार कड़ा सबक सिखाएगी।
करौली जिला अस्पताल में गंदगी की शिकायत पर उन्होंने बैठक में बैठे प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. आरएल कोली एवं नगर परिषद कमिश्नर पंकज मंगल की क्लास ली और उन्हें उसी समय जिला चिकित्सालय जाकर अपने सामने सफाई करवाने के रवाना कर दिया।
एसपी को पानी माफिया और जलदाय विभाग के अधिकारियों की मिलीभगत की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए। औचक निरीक्षण के दौरान राजे ने स्वयं टेंकरों से पानी की चोरी पकड़ी थी। उन्होंने आईजी को स्कूलों में कम्प्यूटर चोरी की जांच के भी निर्देश दिए।
राजे ने चम्बल-सवाई माधोपुर-नादौती पेयजल परियोजना में देरी पर पर गहरी नाराजगी जताई। 2003 में शुरु इस परियोजना का अभी तक मात्र 35 प्रतिशत कार्य पूरा हुआ है। उन्होंने जिला स्तर पर होने वाली जनसुनवाई में काफी कम प्रकरण आने पर हैरानी जताई और कलक्टर मनोज शर्मा को डांट लगाई। राशन की दुकानों पर लगाई गई पोस मशीनों के सही काम नहीं करने की शिकायतों पर गंभीरता दिखाई और कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि राशन डीलर जानबूझकर पोस मशीन का बहाना बनाकर जनता को परेशान नहीं करें।
शिकायतों के बाद सीईओ को एसीईओ बनाया
करौली जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी दाताराम को इस पद से हटा दिया। उन्हें अतिरिक्त मुख्य कार्य अधिकारी पद पर लगाया है। करौली में आपका जिला आपकी सरकार कार्यक्रम में सीएम को उनके कामकाज को लेकर शिकायतें मिली थी। इसे देखते हुए राजे ने इस बारे में कार्मिक विभाग को निर्देश दिए थें। इसके बाद रात को कार्मिक विभाग ने ये आदेश जारी कर दिए।