राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने शुक्रवार को मंत्री महेश जोशी का विधानसभा में कांग्रेस मुख्य सचेतक (Congress Chief Whip) के पद से इस्तीफा मंजूर कर लिया। जोशी ने विधानसभा का बजट सत्र शुरू होने से पहले ही पद से इस्तीफा दे दिया था। हालांकि वह जलदाय मंत्री के पद पर बने रहेंगे। वहीं, जोशी के इस्तीफे के बाद उप मुख्य सचेतक महेंद्र चौधरी को अब मुख्य सचेतक बनाए जाने के कयास लगाए जा रहे हैं।
जोशी को वर्ष 2021 में हुए कैबिनेट विस्तार में मंत्री बनाया गया था। वह एक साल से अधिक समय से मंत्री के साथ-साथ कांग्रेस के मुख्य सचेतक पद की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। विधानसभा के बजट सत्र के बीच मुख्य सचेतक पद से जोशी के इस्तीफे को 25 सितंबर की घटना से जोड़ कर देखा जा रहा है।
जोशी पर पिछले साल 25 सितंबर को राज्य के शहरी विकास और आवास विभाग मंत्री शांति धारीवाल के बंगले पर कांग्रेस विधायक दल की समानांतर बैठक बुलाने के लिए विधायकों को बुलाने का आरोप है। इसके बाद कांग्रेस अनुशासन समिति की ओर से धारीवाल और जोशी समेत तीन नेताओं को नोटिस जारी किया गया था। बाद में तीनों नेताओं ने नोटिस का जवाब भी दिया था, लेकिन अभी तक अनुशासन समिति का फैसला नहीं आया है।