प्रदेश में दो लोकसभा और एक विधानसभा सीट के लिए हो रहे उपचुनावों की सरगर्मियों के बीच अब 'काऊ पॉलिटिक्स' भी जोर पकड़ गई है।
कांग्रेस ने भी इस मुद्दे को इन उपचुनाव में भुनाने का प्रयास कर रही है। दरअसल, प्रदेश में अलवर एवं अजमेर लोकसभा और मांडलगढ़ विधानसभा सीट के लिए उपचुनाव हो रहे है। पिछले कुछ महीनों में अलवर में गो तस्करी के कई मामले सामने आए हैं। ऐसे में कांग्रेस इस मुद्दे को हाईजैक करने की कोशिश कर रही हैं।
गो तस्करी को लेकर कांग्रेस ने आज अलवर में प्रेस कांफ्रेंस की जिसमें गो तस्करी की एक घटना की जानकारी दी गई। कांग्रेस के अलवर जिलाध्यक्ष टीकाराम जूली, पूर्व मंत्री बृजकिशोर शर्मा, पूर्व विधायक कृष्ण मुरारी गंगावत और कांग्रेस नेता बस्तीराम यादव ने प्रेस कांफ्रेंस की। इन नेताओं ने बताया कि बहरोड़ के गोकुलपुर गांव के पास स्थित कुड़ी गोशाला से बीती रात गो तस्कर गाय उठा ले गए। गोशाला का गेट क्षतिग्रस्त कर दिया और पीछा करने वाले ग्रामीणों की गाड़ी में भी टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त कर दी।