राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड परीक्षा, 2017-18 की तिथी घोषित हो चुकी है जिसके बारे में आज आधिकारिक घोषणा की गई।
राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की परीक्षाएं आगामी 8 मार्च से शुरू होंगी जो कि 2 अप्रैल को समाप्त होंगी। बोर्ड परीक्षाओं में इस बार उच्च माध्यमिक, माध्यमिक, वरिष्ठ उपाध्याय तथा प्रवेशिका परीक्षा के 19 लाख 19 हजार 849 पंजीकृत परीक्षार्थी बैठेंगे।
शिक्षा राज्य मंत्री वासुदेव देवनानी की अध्यक्षता में सोमवार को शिक्षा संकुल में माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की राज्य स्तरीय उच्चाधिकार प्राप्त परीक्षा समिति की बैठक में यह जानकारी दी । बैठक में देवनानी ने बताया कि राज्य में उच्च माध्यमिक, माध्यमिक, वरिष्ठ उपाध्याय तथा प्रवेशिका परीक्षाएं 8 मार्च को प्रारंभ होगी तथा 2 अप्रैल को समाप्त होगी। उन्होंने बताया कि इसी प्रकार माध्यमिक, माध्यमिक (व्यावसायिक) एवं प्रवेशिका परीक्षाएं 15 मार्च को प्रारंभ होगी तथा 26 मार्च को समाप्त होंगी।
उन्हाेंने बताया कि बोर्ड परीक्षाओं के लिये 5 हजार 509 परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं। परीक्षा केन्द्रों पर परीक्षाओं की गोपनीयता और नकल को सभी स्तरों पर रोके जाने के लिए पुख्ता प्रबंध किए जाएंगे। इस वर्ष प्रदेश के सभी संवेदनशील और अति संवेदनशील परीक्षा केन्द्रों सहित लगभग 300 केन्द्रों पर तथा 60 उत्तर पुस्तिकाओं के संग्रहण और वितरण केन्द्रों पर सीसीटीवी कैमरों से भी विशेष निगरानी रखी जाएगी।