देश के बहुचर्चित पहलू खान हत्याकांड मामले में पुलिस द्वारा दूसरी चार्जशीट अदालत में पेश कर दी गई है। अलवर पुलिस ने बहरोड कोर्ट में ये चार्जशीट पेश की जिसमें कथित गो तस्कर पहलू खान समेत उसके अन्य साथियों पर गो तस्करी के आरोप तय किए गए हैं।
जानकारी के अनुसार अलवर पुलिस ने इस मामले में अब दो तरह की चार्जशीट तैयार की हैं। एक जिसमें पहलू खान की हत्या करने वाले सभी अभियुक्तों को हत्या का आरोपी बनाया गया है। अब तैयार की गई दूसरी चार्जशीट में पहलू खान समेत 9 अभियुक्तों को गो तस्करी का आरोपी माना गया है।
अलवर के बहरोड में 24 जनवरी को अतिरिक्त न्यायाधीश के समक्ष पेश की गई चार्जशीट में पुलिस ने गोतस्करी में लिप्त 4 लोगों के नाम शामिल किए हैं, जिनमें पहलू खान के गांव हरियाणा के जयसिंहपुर के रहने वाले अजमत और रफीक का नाम शामिल है। वहीं गोतस्करी के लिए काम में ली गई पिकअप गाड़ी के ड्राइवर अर्जुनलाल यादव और उसके पिता जगदीश प्रसाद के नाम शामिल हैं।